सहरसा। आम लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA), पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार सहरसा की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सोमवार, 23 नवंबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने की। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुद्दुश अंसारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक, जिला वन पदाधिकारी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, सहायक श्रम आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, पंचायत राज पदाधिकारी, विद्युत विभाग, BSNL और जिला जनसंपर्क विभाग समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक मामले, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना दावा वाद, बिजली और पानी बिल विवाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), चेक बाउंस से जुड़े मामले, भूमि अधिग्रहण, श्रम विवाद और अन्य दीवानी मामलों का निपटारा किया जाएगा।
लोक अदालत की खासियत यह है कि मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया जाता है। इसमें किसी प्रकार का न्यायिक शुल्क नहीं लगता है। पहले जमा किया गया न्यायिक शुल्क भी वापस कर दिया जाता है। लोक अदालत का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है, जिसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक पक्षकार अपने सुलहनीय मामलों के निपटारे के लिए 12 दिसंबर से पहले कार्यालय दिवस में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में संपर्क कर आवेदन दे सकते हैं।





