बिहार।पटना, 23 नवंबर 2026: ठंड के मौसम में कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बिहार परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य में व्यावसायिक वाहनों पर निर्धारित मानक के अनुसार रिफ्लेक्टिव टेप और रियर मार्किंग टेप लगाना अनिवार्य होगा। जिन वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगा होगा या वह निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाएगा, उन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा।
सोमवार को राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन की अध्यक्षता में लीड एजेंसी, बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में परिवहन, गृह, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य और शिक्षा विभाग के साथ एनएचएआई के नोडल पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त ने कहा कि ठंड और कोहरे के दौरान सड़कों पर वाहनों की दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए व्यावसायिक वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का नियम सख्ती से लागू करने का निर्देश सभी जिलों को दिया गया है। साथ ही निजी वाहन मालिकों को भी अपने वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।
2025 में सड़क हादसों में 10,349 लोगों की मौत
परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में बिहार में कुल 12,615 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 10,349 लोगों की जान चली गई। इनमें नवंबर से फरवरी के बीच शीतकालीन अवधि में 3,438 लोगों की मौत हुई। ये आंकड़े कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा की गंभीरता को दर्शाते हैं।
आयुक्त ने वाहन चालकों से अपील की कि कोहरे में वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, फॉग लाइट का उचित इस्तेमाल करें और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें।
बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग, रोड मार्किंग, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और फुट ओवरब्रिज के निर्माण एवं सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।





