
सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी लोककला, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को भारतीय संस्कृति की विविधता से रूबरू कराएंगे। तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर के कलाकार एक मंच पर जुटेंगे।
संस्कृति के पक्ष में रंग ग्राम जन संस्कृति मंच के बैनर तले आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक हुई। दीपक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 24 से 26 दिसंबर तक महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
महोत्सव में मणिपुर, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, पंजाब, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कलाकार हिस्सा लेंगे। इस दौरान अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, स्थानीय नाटक, लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य और मंजूषा पेंटिंग जैसी विविध सांस्कृतिक विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।
आयोजन का मुख्य आकर्षण भव्य रंग जुलूस होगा। मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा और सुनील कुमार रंग ने संयुक्त रूप से बताया कि रंग जुलूस में विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शहर की सड़कों पर भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेंगे।
उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले कलाकारों के आवासन, भोजन और सुरक्षा की जिम्मेदारी आयोजन समिति निभाएगी। बैठक में मौजूद सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
इस मौके पर कौशल किशोर सिंह, कपिलदेव रंग, दीपक कुमार, विनोद कुमार रंजन, रवि कुमार सिंह, मोहम्मद तकी अहमद जावेद, तरुण घोष, राजीव राज सिंह, अरविंद कुमार उर्फ बिट्टू, राजेश कुमार झा, अंजलि घोष, सत्येंद्र भास्कर, निर्भय कुमार सिंह, हरेन्दर कुमार सहित धीरज शर्मा और सुनील कुमार रंग मौजूद रहे।





