जन्मदिन पर साहित्य और संस्कृति का महाकुंभ, नामचीन कवियों की रचनाओं पर देर रात तक झूमते रहे श्रोता

 

 

Sponsored Advertisement

जंदाहा (वैशाली)। महनार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं शिक्षाविद् संजय कुमार राय का जन्मदिन शनिवार को साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के अनूठे उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर रामशरण राय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जंदाहा परिसर में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवि-कवयित्रियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत और गजलों की शानदार प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक संजय कुमार राय, अध्यक्ष रामदयाल राय, सचिव शिवदयाल राय, प्रथम प्राचार्य रामलवलीन राय सहित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कवि सम्मेलन की शुरुआत कवयित्री मुमताज नसीम की सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद संजीव मुकेश ने ‘गांव का लड़का’ कविता के माध्यम से ग्रामीण युवाओं के संघर्ष और हौसले को आवाज दी। हास्य कवि बिहारी लाल अंबर ने गैस सिलेंडर की समस्या पर व्यंग्य सुनाकर खूब ठहाके लगवाए।

 

वहीं नीलोत्पल मृणाल की ‘बिहार है रे भैया, हम बिहार हैं’ प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे। उन्होंने अपनी दूसरी कविता से सोशल मीडिया और रील संस्कृति पर भी कटाक्ष किया। राधेश्याम भारती ने मां की ममता पर भावुक कविता सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। मुमताज नसीम की गजलों ने भी खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का संचालन कवि एवं साहित्यकार चंदन द्विवेदी ने किया। अंत में नीलोत्पल मृणाल ने पारंपरिक सोहर प्रस्तुत कर आयोजन को यादगार बना दिया।

 

इस दौरान संजय कुमार राय ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण और सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम है। नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ साहित्य, संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने बताया कि उनका सपना शहर जैसी उच्च शिक्षा गांव में उपलब्ध कराना है। वर्तमान में रामशरण राय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में बिहार के 18 जिलों के छात्र-छात्राएं आवासीय परिसर में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

 

जन्मदिन के अवसर पर संजय कुमार राय ने परिसर में दर्जनों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और साहित्य प्रेमी शामिल हुए। इस तरह जन्मदिन का आयोजन साहित्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का उत्सव बन गया।

Related Posts

रंगों, सुरों और नाट्य प्रस्तुतियों से सजेगी सिल्क सिटी, 24 दिसंबर से रंग महोत्सव का आगाज

सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव…

घने कोहरे का कहर: किशनपुर बाईपास पर मुर्गा लदी पिकअप पलटी, सैकड़ों मुर्गों की मौत, कारोबारी को डेढ़ लाख का नुकसान

भागलपुर। जिले में घने कोहरे के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ने लगा है। ताजा मामला नाथनगर के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर बाईपास के पास का है, जहां कोहरे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *