सहरसा जिले में रविवार, 22 नवंबर से पांच दिवसीय पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने फीता काटकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। यह अभियान 26 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 4 लाख 37 हजार 845 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है।
अभियान की शुरुआत के अवसर पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि भारत में पिछले 15 वर्षों से पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है। यह देश के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले मिलने के कारण अभी भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 809 घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने वाली टीमों का गठन किया गया है। इसके अलावा 96 ट्रांजिट टीम और 16 मोबाइल टीम भी तैनात की गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए 274 पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दवाओं के समुचित वितरण और उपलब्धता के लिए 92 सब डिपो बनाए गए हैं।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता और स्वयंसेवी भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके लिए 97 एएनएम, 655 आंगनबाड़ी सेविका, 867 आशा कार्यकर्ता और 642 स्वयंसेवियों को लगाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाएंगे। विभाग का उद्देश्य है कि अभियान के दौरान एक भी बच्चा छूटने न पाए और जिले के सभी नौनिहालों को पोलियो से सुरक्षित रखा जा सके।






