सहरसा बलवाहाट बाजार में शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, आशीष इंटरप्राइजेज का गोदाम जलकर राख, लाखों का सामान खाक

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत बलवाहाट बाजार में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। इस घटना में हार्डवेयर व्यवसायी जवाहर गुप्ता की दुकान आशीष इंटरप्राइजेज का गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि गोदाम में रखे हार्डवेयर के सामान, प्लाईवुड, रंग-पेंट समेत लाखों रुपये की संपत्ति देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गई।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, बलवाहाट बाजार में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी।

 

सूचना मिलने के बाद दमकल की एक छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उससे आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद तीन बड़ी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग की विकरालता के कारण काफी मशक्कत के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही थी।

 

आखिरकार जिला मुख्यालय से चौथी बड़ी दमकल गाड़ी को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

 

इस अग्निकांड में व्यवसायी जवाहर गुप्ता को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बलवाहाट बाजार के व्यापारियों में चिंता और दहशत का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर बाजारों में बिजली की वायरिंग, शॉर्ट सर्किट से बचाव और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

गृह प्रवेश भोज बना आफत, 400 से अधिक ग्रामीण बीमार; गांव में स्वास्थ्य विभाग का कैंप

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत सरईडीह पंचायत के खरडीहा-जमुआ गांव में गृह प्रवेश का भोज ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया। सहायक शिक्षक विमलेश यादव…

रंगों, सुरों और नाट्य प्रस्तुतियों से सजेगी सिल्क सिटी, 24 दिसंबर से रंग महोत्सव का आगाज

सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *