
बिहार में विकास के दावों के बीच सहरसा जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सरकारी व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के वादों पर सवाल खड़े करती है। महिषी प्रखंड की पसंतवार पंचायत स्थित लक्ष्मीपुर धोरे सफेदा गाछी, वार्ड संख्या-05 के ग्रामीण पिछले करीब 70 वर्षों से पिपरा नदी पर एक अदद पक्के पुल का इंतजार कर रहे हैं। दशकों से मांग पूरी नहीं होने के बाद आखिरकार ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी उनके इलाके में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पिपरा नदी पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज, इलाज, शिक्षा और आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान नेता विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उनकी समस्याओं को भुला दिया जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिपरा नदी पर पुल का निर्माण हो जाने से जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा और आवागमन की दूरी भी कम हो जाएगी। इसके अलावा नजदीक स्थित सूरज कंधा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।
सबसे गंभीर समस्या बच्चों की शिक्षा को लेकर है। ग्रामीणों का दावा है कि इस इलाके में करीब दो हजार महादलित परिवार निवास करते हैं। नदी पार करने की परेशानी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। आसपास हाई स्कूल और कॉलेज मौजूद होने के बावजूद विद्यार्थियों को वहां तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पिपरा नदी पर जल्द से जल्द पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। सवाल यह है कि आखिर सात दशक से पुल का इंतजार कर रहे इन ग्रामीणों की आवाज कब तक अनसुनी होती रहेगी? क्या प्रशासन उनकी परेशानी को समझकर कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर पुल का सपना केवल चुनावी वादों तक ही सीमित रह जाएगा?





