बिहार के बक्सर में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में सात युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास हुआ, जहां कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के पांच युवक कार में सवार होकर रामगढ़-मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव की तरफ से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकले। तभी दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के भतउरा गांव निवासी सम्राट ठाकुर, इरफान अंसारी, अरबाज अंसारी और बादल कुमार के रूप में हुई है। वहीं बाइक सवार तीन युवकों की भी इस हादसे में मौत हो गई। इनमें उत्तर प्रदेश के उतरौली निवासी अरुण कुमार राजभर, बक्सर के सॉरी गांव निवासी शुभम कुमार और सिकरौल गांव निवासी 18 वर्षीय शिवम कुमार शामिल हैं।
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान पहले शिवम और शुभम ने दम तोड़ दिया। इसके बाद सम्राट ठाकुर की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई, जबकि एक युवक का इलाज जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बाइक सवार अरुण कुमार राजभर पहले से ही सोनपा गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों की स्थिति और विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही पूरे मामले में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
फिलहाल इस हादसे के बाद दोनों गांवों और मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। एक साथ सात युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।





