पांच साल पुराने हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की कोर्ट में पेशी, पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर हुई थी गोलीबारी

वैशाली: भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह एक बार फिर पांच साल पुराने हर्ष फायरिंग मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। गुरुवार को अक्षरा सिंह की हाजीपुर सिविल कोर्ट में पेशी हुई। यह मामला वर्ष 2021 में लालगंज स्थित पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर आयोजित एक उपनयन संस्कार समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से जुड़ा है। इस घटना का वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

दरअसल, 23 अप्रैल 2021 को पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर उनके भतीजे के उपनयन संस्कार यानी जनेऊ समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को भी आमंत्रित किया गया था। समारोह के दौरान अक्षरा सिंह मंच पर अपनी प्रस्तुति दे रही थीं। इसी बीच पुलिस की वर्दी पहने एक बॉडीगार्ड ने कार्बाइन से खुलेआम फायरिंग शुरू कर दी थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे बिहार में इसकी चर्चा होने लगी थी।

Sponsored Advertisement

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब पता चला कि समारोह का आयोजन कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान किया गया था। उस वक्त राज्य में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा था। इसके बावजूद समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी। कार्यक्रम में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग समेत कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं करने के भी आरोप लगे थे।

वायरल वीडियो और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस मामले में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी अनु शुक्ला, बॉडीगार्ड और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद मुन्ना शुक्ला के बयान भी काफी चर्चा में रहे थे। मीडिया से बातचीत के दौरान उनका कथित बयान ‘वे कानून तोड़ने के लिए ही पैदा हुए हैं’ सुर्खियों में आया था। वहीं, उनका एक अन्य बयान ‘यहां गोली नहीं चलेगी तो क्या अगरबत्ती जलेगी’ भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

अब करीब पांच साल बाद अक्षरा सिंह की हाजीपुर सिविल कोर्ट में पेशी के बाद यह पुराना मामला एक बार फिर चर्चा में है। फिलहाल, मामले की आगे की सुनवाई और न्यायालय के अगले आदेश पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Related Posts

शादी से तीन दिन पहले गर्भवती मंगेतर की हत्या, होने वाला पति गिरफ्तार

शादी से तीन दिन पहले गर्भवती मंगेतर की हत्या, होने वाला पति गिरफ्तार

पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर हाई अलर्ट, 20 लाख वर्गफीट में बना भव्य सभा स्थल, 14 पार्किंग जोन और 25 एंबुलेंस तैनात

पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर हाई अलर्ट, 20 लाख वर्गफीट में बना भव्य सभा स्थल, 14 पार्किंग जोन और 25 एंबुलेंस तैनात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *