प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वैशाली के जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा होगी। कार्यक्रम में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं तक व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं, समस्तीपुर में भी ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 लाख वर्गफीट में विशाल सभा स्थल तैयार किया गया है। यहां भव्य मंच के साथ 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि दूर बैठे लोग भी कार्यक्रम को आसानी से देख सकें।
प्रधानमंत्री इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास और नीतीश सेतु का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।
लाखों लोगों की सुविधा के लिए 32 पेयजल टैंक, 17 बोरिंग, 180 रनिंग वाटर टैप और 140 वाटर डिस्पेंसर लगाए गए हैं। वहीं, 540 शौचालयों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 27 मेडिकल कैंप और 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
सुरक्षा जांच के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 30 अग्निशमन वाहन और 25 क्रेन की व्यवस्था की गई है। वाहनों की पार्किंग के लिए 14 स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक पार्किंग जोन में फूड कोर्ट, मेडिकल कैंप और कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की है। प्रशासन के मुताबिक, प्रधानमंत्री का दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर रुस्तमपुर में आगमन प्रस्तावित है, जबकि दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर जाफरपट्टी से प्रस्थान का कार्यक्रम है।
वहीं, पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए 21 नवंबर दोपहर 12 बजे से बनारसी चौक पर यातायात प्रतिबंध रहेगा।
उधर, समस्तीपुर से वैशाली होकर जाने वाली बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों की आवाजाही 20 नवंबर रात 9 बजे से 21 नवंबर रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। समस्तीपुर से पटना जाने वाले वाहन बेगूसराय या मुजफ्फरपुर के वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे।





