भागलपुर में शॉर्ट सर्किट से झोपड़ीनुमा कमरे में लगी भीषण आग, अनाज-जेवरात समेत एक लाख की संपत्ति राख

भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नया टोला मिर्जापुर गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी की घटना सामने आई है। घर की छत पर बने झोपड़ीनुमा कमरे में अचानक आग लगने से अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जेवरात और जरूरी कागजात समेत सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब एक लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अगलगी के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने और जरूरी सामान की समस्या उत्पन्न हो गई है।

 

Sponsored Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी कारे यादव के परिवार के सभी सदस्य घटना के समय घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने घर की छत से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग की लपटें तेज हो गईं। देखते ही देखते आग ने छत पर बने झोपड़ीनुमा कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं, पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयास से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

 

पीड़ित सीता देवी के मुताबिक, आग में गोदरेज, चौकी-पलंग, टेबल-कुर्सी, कपड़े, बिस्तर और जेवरात पूरी तरह नष्ट हो गए। इसके अलावा घर में रखे करीब चार क्विंटल गेहूं, दो क्विंटल चावल और 50 किलो दाल भी जलकर राख हो गई। परिवार के जरूरी कागजात भी आग की चपेट में आ गए।

 

अचानक हुई इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Posts

बिजली के तार के संपर्क में आते ही पुआल लदे पिकअप में लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जामताड़ा नाला प्रखंड क्षेत्र के टेसजुरिया गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुआल से लदे एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि…

भागलपुर में घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत, चार गंभीर

भागलपुर: जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर बायपास मोड़ पर घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से कार सवार दो लोगों…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *