भागलपुर में 263 साल पुरानी परंपरा के साथ मां जगद्धात्री की आराधना, गांगुली बाड़ी में बंगाली संस्कृति की दिखी अनूठी झलक

भागलपुर: सदियां गुजर गईं, पीढ़ियां बदल गईं, लेकिन आस्था और परंपरा की विरासत आज भी उसी श्रद्धा के साथ कायम है। भागलपुर के गांगुली बाड़ी में 263 साल से अधिक पुरानी परंपरा के तहत मां जगद्धात्री की पूजा-अर्चना की जा रही है। बंगाल की धरती से शुरू हुई यह धार्मिक परंपरा आज अंग क्षेत्र में भी बंगाली संस्कृति और आस्था की पहचान बनी हुई है।

 

Sponsored Advertisement

मां की भव्य प्रतिमा, पारंपरिक बंगाली साज-सज्जा, ढाक की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा है। इस पूजा की खास विशेषता यह है कि सप्तमी, अष्टमी और नवमी की पूजा अक्षय नवमी के अवसर पर एक ही दिन संपन्न की जाती है। तीनों तिथियों के अनुसार माता को अलग-अलग भोग अर्पित किए जाते हैं। सप्तमी पर खिचड़ी और पांच प्रकार की भाजियां, अष्टमी पर खीर और मिठाई, जबकि नवमी पर पुलाव, सब्जी और चटनी का भोग लगाया जाता है। संध्या आरती में पूरी और हलवे का प्रसाद चढ़ाया जाता है।

 

इस वर्ष भी मूर्तिकार भगवान पंडित ने मां की प्रतिमा को आकर्षक स्वरूप दिया है। पश्चिम बंगाल के सेंथिया से आए पंडित राजा मुखर्जी और देवाशीष बनर्जी बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार पूजा करा रहे हैं। वहीं मुर्शिदाबाद से पहुंचे ढाक वादक दिलीप रविदास और उनकी टीम की प्रस्तुति ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी है।

 

इस ऐतिहासिक पूजा का साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से भी गहरा संबंध रहा है। साहित्यकार शरतचंद्र बाबू अपने जीवनकाल में पूजा के साथ-साथ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। अब उनके परिवार की अगली पीढ़ी के शांतनु गांगुली इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

 

बिहार बंगाली समिति की बरारी शाखा के अध्यक्ष तरुण घोष ने बताया कि पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मां जगद्धात्री की पूजा दुर्गा पूजा की तरह उत्साह से मनाई जाती है। भागलपुर में गांगुली बाड़ी के अलावा मशाकचक दुर्गा बाड़ी और मानिक सरकार काली बाड़ी में भी पूजा-अर्चना की गई। आयोजन में गांगुली परिवार, पश्चिम बंगाल से आए परिजनों और शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।

Related Posts

भागलपुर में घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत, चार गंभीर

भागलपुर: जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर बायपास मोड़ पर घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से कार सवार दो लोगों…

भागलपुर में शॉर्ट सर्किट से झोपड़ीनुमा कमरे में लगी भीषण आग, अनाज-जेवरात समेत एक लाख की संपत्ति राख

भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नया टोला मिर्जापुर गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी की घटना सामने आई है। घर की छत पर बने झोपड़ीनुमा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *