सहरसा: महिषी में गुरुवार को तीन दिवसीय श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह, बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रत्नेश सादा, डीआईजी डॉ. कुमार आशीष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। हालांकि, महोत्सव की शुरुआत के साथ ही स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय कलाकार दीपक झा ने महोत्सव को ‘लूट का अड्डा’ बताते हुए आयोजन समिति पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिषी और सहरसा में प्रतिभाशाली कलाकारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय कलाकारों को मंच पर उचित अवसर नहीं दिया जाता। उनकी जगह बाहरी कलाकारों को बुलाकर कार्यक्रम कराया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं तो उन्हें लगातार नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है?
दीपक झा ने महोत्सव के प्रचार-प्रसार पर भी नाराजगी जताई। उनके अनुसार, आयोजन का व्यापक प्रचार नहीं होने के कारण उद्घाटन समारोह में दर्शकों की संख्या कम रही। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई अधिकांश कुर्सियां खाली दिखाई दीं। उन्होंने इसे आयोजन की प्रचार व्यवस्था में कमी बताते हुए जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगा।
इधर, महोत्सव के पहले दिन मोनालिसा और पार्थो घोष की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। गुरुवार से शुरू हुआ यह महोत्सव 21 नवंबर तक चलेगा। 20 नवंबर को हास्य कलाकार सुनील पाल और गायिका सपना अवस्थी प्रस्तुति देंगी, जबकि 21 नवंबर को आलोक राज और सायली कांबले सहित अन्य कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
महोत्सव के तहत 20 और 21 नवंबर को मंडन धाम में राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन भी होगा। इसमें भारतीय दर्शन, मिथिला की ज्ञान परंपरा और दार्शनिक मंडन मिश्र की विरासत पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा पुस्तक मेला, प्रदर्शनी, फूड कोर्ट और स्थानीय कला-संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी आकर्षण का हिस्सा हैं।
अब देखना होगा कि महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों को कितना अवसर मिलता है और खाली कुर्सियों के साथ प्रचार-प्रसार को लेकर उठे सवालों पर आयोजन समिति एवं जिला प्रशासन क्या जवाब देते हैं।






