कटिहार: बिहार के कटिहार में छठ पर्व के मौके पर गंगा स्नान करने जा रहे लोगों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर कुतुबपुर के पास स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग कटिहार से मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी एक परिवार के सदस्य और उनके पड़ोसी स्कॉर्पियो से गंगा स्नान के लिए निकले थे। इसी दौरान मनिहारी थाना क्षेत्र के कुतुबपुर के पास सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा एक ट्रक खड़ा था। तभी कटिहार की ओर से आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और पड़ोसी मंजू रानी शाह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक बच्ची समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीनों मृतकों के शव एंबुलेंस से सदर अस्पताल कटिहार भेजे गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
संतोष कुमार झा, थानाध्यक्ष, मनिहारी: थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा ट्रक खड़ा था। इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
छठ पर्व के दौरान हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। जिस परिवार के लोग आस्था के साथ गंगा स्नान के लिए निकले थे, उनकी यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





