नालंदा जिले के ग्रामीण इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को दो नई फैक्ट्रियों की शुरुआत की गई। ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने नूरसराय प्रखंड के परमानंद बिगहा गांव में श्री फौजी इंटरप्राइजेज की नमकीन मिक्चर फैक्ट्री और बेन प्रखंड के बेन गांव में खुशबू पेपर प्लेट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड की पेपर प्लेट एवं पत्तल निर्माण फैक्ट्री का उद्घाटन किया।
इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लघु उद्योगों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। युवाओं और महिलाओं को अपने गांव और आसपास ही काम मिल सकेगा। इससे रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की जरूरत भी कम होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक सहायता, मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। कम पूंजी में शुरू होने वाले ऐसे उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने से लोगों को उचित कीमत पर सामान भी उपलब्ध होगा।
मंत्री ने दोनों फैक्ट्री संचालकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के उद्योगों की स्थापना अन्य लोगों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में जदयू के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद, भोली सिंह, नूरसराय प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार, बेन प्रखंड अध्यक्ष अरविंद पटेल, मुखिया ब्रजनंदन प्रसाद, पप्पू कुमार उर्फ अविनाश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस मौके पर मिक्सर फैक्ट्री के संचालक विक्की कुमार तथा पत्तल उद्योग के संचालक अजीत पासवान और खुशबू कुमारी भी उपस्थित थे।





