
वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड अंतर्गत लदहो पंचायत के प्यारेपुर स्थित नून नदी छठ घाट की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोक आस्था के महापर्व छठ के नजदीक आने के बावजूद घाट की साफ-सफाई और रास्तों को दुरुस्त करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नून नदी तट पर जुटे और स्थानीय प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व से पहले घाटों की व्यवस्था दुरुस्त कराने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन प्यारेपुर स्थित नून नदी घाट पर आज तक इसका असर दिखाई नहीं देता। नदी में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है और पानी भी काफी दूषित हो चुका है। स्थिति ऐसी है कि नदी से उठने वाली दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं का वहां खड़ा होना तक मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों ने दूषित पानी को लेकर व्रतियों और बच्चों के स्वास्थ्य पर संक्रमण का खतरा जताया है। उनका कहना है कि छठ महापर्व में व्रतियों को इसी नदी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देना पड़ता है। ऐसे में गंदे पानी के बीच पूजा करना स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक हो सकता है।
वहीं, घाट तक पहुंचने वाला रास्ता भी पूरी तरह बदहाल है। कच्चे और टूटे-फूटे रास्तों पर कीचड़ तथा झाड़ियों के कारण श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। व्रतियों के लिए पूजा सामग्री लेकर घाट तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले घाट की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए, नदी के आसपास जमा कचरे को हटाया जाए और दूषित पानी की समस्या का समाधान किया जाए। साथ ही घाट तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त कर सुरक्षित बनाया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया तो उनका आंदोलन और तेज हो सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन छठ महापर्व से पहले ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाता है।





