भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के बिहियां प्रखंड के रामडिहा गांव में दीपावली की रात छठ गीत बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बेहद दर्दनाक घटना में बदल गया। आरोप है कि विवाद से नाराज एक युवक ने स्कॉर्पियो से लोगों की भीड़ को कुचल दिया। इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात रामडिहा गांव के सूर्य मंदिर परिसर में ग्रामीण पारंपरिक छठ गीत बजा रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने तेज आवाज में गीत बजाने का विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। हालांकि, उस समय आरोपी वहां से चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद युवक स्कॉर्पियो लेकर दोबारा मंदिर परिसर पहुंचा और गाड़ी को ग्रामीणों की भीड़ में घुसा दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे में रामनरेश यादव के 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव और 50 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव की सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, राजेश कुमार, उनके पुत्र रितु कुमार, कृष्णा कुमार, रमेश यादव समेत छह लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष आपस में गोतिया हैं। पुराने विवाद की बात भी सामने आ रही है।
इधर, जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो बैक करने के दौरान कुचलकर दो लोगों की मौत हुई है और कई लोग जख्मी हुए हैं। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।






