स्मार्ट सिटी भागलपुर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स और यूनीपोल से नगर निगम को प्रत्येक माह हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

दरअसल नगर निगम से बिना परमिशन लिए ही कुछ लोगों ने जगह- जगह पर होर्डिंग-बोर्ड और यूनीपोल लगा दिया है। जिसकी खोजबीन अब निगम प्रशासन ने शुरू कर दी है।

नगर आयुक्त योगेश कुमार सागर ने बताया कि होर्डिंग और यूनीपोल लगाने के लिए निर्धारित फीस जमा करना होता है। गौरतलब है कि शहर में यूनीपोल की संख्या 97 है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि पोल के संचालक कौन है।

जानकार बताते हैं कि निगम में इसका कोई लेखा जोखा भी नहीं है। मालूम हो कि पूरे शहर में होर्डिंग की भरमार है, लेकिन निगम कार्यालय में इसकी कोई अपडेट संचिका नहीं है।

वहीं नगर आयुक्त योगेश कुमार सागर ने यूनीपोल प्रभारी मो. शब्बीर अहमद को यूनीपोल संचालक का पता लगाने का निर्देश दिया है। नगर आयुक्त ने कहा कि प्रचार प्रसार के बाद भी अगर यूनीपोल संचालक नगर निगम की गाइडलाइंस का पालन नहीं करते हैं तो उनके यूनीपोल को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

इधर नगर आयुक्त के सख्त तेवर एवं एक्शन के बाद अवैध होर्डिंग्स और यूनीपोल संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *