नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार में हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान अनीश कुमार, गौतम कुमार और मन्नू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल अमित कुमार और रवि कुमार का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी युवक दीपावली के मौके पर अपने घर के बाहर पटाखे फोड़कर त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान पटाखे खत्म हो गए, जिसके बाद पांचों युवक पटाखे खरीदने के लिए हरनौत बाजार निकले थे।
लेकिन बाजार पहुंचने के दौरान ही सभी एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में शामिल मन्नू कुमार और अनीश कुमार आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि घायल रवि कुमार की शादी आगामी 21 नवंबर को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों के इंतजार में था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में दीपावली के दीप जल रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार की खुशियां मनाने निकले तीन युवकों की मौत ने कई परिवारों की जिंदगी में कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ दिया है।






