मधेपुरा में तीन थानाध्यक्षों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, पुलिस लाइन में छलके आंसू



मधेपुरा। बेगूसराय में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों को शुक्रवार को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में शोक और संवेदना का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों, जवानों, प्रशासनिक पदाधिकारियों और परिजनों ने नम आंखों से अपने दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकारी के अनुसार, रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई। सभी पुलिस पदाधिकारी पटना से प्रशिक्षण प्राप्त कर मधेपुरा लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

पोस्टमार्टम के बाद तीनों अधिकारियों के पार्थिव शरीर को मधेपुरा पुलिस लाइन लाया गया, जहां कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों ने भी अपने अधिकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा के बाद तीनों दिवंगत अधिकारियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया गया। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह केवल तीन अधिकारियों का नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार का अपूरणीय नुकसान है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र कटिहार जिले के मनिहारी तथा बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार कैमूर जिले के निवासी थे। तीनों अधिकारियों के असामयिक निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर व्याप्त है।

  • Related Posts

    भागलपुर में वायरल वीडियो की पुलिस ने की जांच, शादी के लिए मंदिर पहुंचे थे युवक-युवती; एक गिरफ्तार

    भागलपुर। अमडंडा थाना क्षेत्र से वायरल हुए एक वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट की है। वायरल वीडियो में कुछ युवक-युवतियों को स्थानीय ग्रामीणों…

    जमुई-समस्तीपुर-बांका-किशनगंज की घटनाओं के बाद भागलपुर पुलिस अलर्ट, पार्कों में पहुंची ‘पुलिस दी

    भागलपुर।जमुई, समस्तीपुर, बांका और किशनगंज में युवतियों से छेड़खानी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भागलपुर पुलिस भी सतर्क हो गई है। शहर के पार्कों और…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *