जापान में जहानाबाद के शरजील का जलवा, तीन प्रमुख सम्मान जीतकर बढ़ाया बिहार का मान

बिहार के जहानाबाद जिले के काको गांव के युवा शरजील अहमद काकवी ने जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘जापान यूथ समिट 2026’ में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर देश और बिहार का मान बढ़ाया है। 19 से 22 अक्टूबर तक जापान के ओसाका में आयोजित इस समिट में शरजील को बेस्ट लीडर अवार्ड और बेस्ट कंटेंट क्रिएटर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने यूथ इनोवेटिव आइडिया प्रेजेंटेशन में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, पैनल चर्चा का संचालन करने के लिए उन्हें विशेष उल्लेख भी प्राप्त हुआ।

 

Sponsored Advertisement

**‘हर बच्चा पढ़ाए बच्चा’ का दिया संदेश**

 

जापान यूथ समिट में शरजील अहमद काकवी ने शिक्षा को लेकर ‘शिक्षा सबके लिए, हर बच्चा पढ़ाए बच्चा’ का प्रेरणादायक विजन प्रस्तुत किया। उनकी इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके तहत प्रत्येक शिक्षित बच्चे को किसी दूसरे बच्चे की पढ़ाई में सहयोग करने के लिए प्रेरित करने की परिकल्पना की गई है, ताकि आर्थिक तंगी और सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे।

 

शरजील की इस सोच में शिक्षा को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक जिम्मेदारी और जन-आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया। उनकी पहल ने युवाओं की भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की संभावनाओं को भी सामने रखा।

 

**काको से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर**

 

शरजील अहमद काकवी कायनात इंटरनेशनल स्कूल, काको के पूर्व छात्र हैं। वर्तमान में वह पटना जिले के पालीगंज स्थित हिमालय मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह युवा भारत और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जैसी पहलों से भी जुड़े हुए हैं। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से जहानाबाद जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय स्तर पर उनकी सफलता को ग्रामीण प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

 

शरजील ने कहा कि जापान यूथ समिट में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि हर शिक्षित बच्चा एक अन्य बच्चे को पढ़ाने की जिम्मेदारी उठाए, तो शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।

 

वहीं, कायनात फाउंडेशन के निदेशक शकील अहमद काकवी ने शरजील की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जहानाबाद और बिहार के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि शरजील की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आगे बढ़ने और समाज के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा देगी।

 

Related Posts

सहरसा में जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप, चारदीवारी निर्माण रोकने के लिए एसपी से लगाई गुहार

बिहार के सहरसा में जमीन पर जबरन कब्जा कर चारदीवारी निर्माण कराने का आरोप सामने आया है। इस मामले में शिवपुरी वार्ड नंबर 5 की निवासी मनीता कुमारी ने पुलिस…

मां तुतला भवानी महोत्सव में भोजपुरी कलाकारों का जलवा, आर्यन बाबू और कल्पना पटवारी की प्रस्तुति पर झूमे दर्शक; पर्यटन विकास को लेकर डीएम ने जताई उम्मीद

बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम में आयोजित मां तुतला भवानी महोत्सव में आस्था, लोक संस्कृति और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *