बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के जदयू के भविष्य को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को जदयू के भविष्य की चिंता छोड़कर अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता करनी चाहिए। जब तक नीतीश कुमार हैं, तब तक जदयू के भविष्य को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं, जन सुराज पार्टी के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले एक विकेट गिर चुका है और अब दूसरे विकेट के गिरने की बारी है।
दरअसल, बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार बिहारशरीफ के उदंतपुरी स्थित सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज पहुंचे थे। यहां उन्होंने कॉलेज के संस्थापक प्रो. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन सह अभिनंदन समारोह की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार और कॉलेज के प्राचार्य महेश प्रसाद सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कॉलेज के संस्थापक प्रो. राजेंद्र प्रसाद के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके योगदान को याद करना और उनके विचारों को आगे बढ़ाना जरूरी है।
वहीं, कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में श्रवण कुमार ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता सर्वोपरि है और लोकतंत्र में जनता का फैसला सबसे महत्वपूर्ण होता है। एनडीए को समर्थन देने वाले सभी लोगों के प्रति उन्होंने आभार जताया और कहा कि गठबंधन जनता के जनादेश का सम्मान करता है।
तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि जदयू की राजनीतिक स्थिति और भविष्य को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने तेजस्वी यादव को अपने राजनीतिक भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दी।
वहीं, जन सुराज पार्टी के प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी का एक विकेट पहले ही गिर चुका है और अब दूसरे विकेट की बारी है। उनके इस बयान को बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच विपक्ष पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।





