धनबाद में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के धनबाद में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने और कार्ड से खरीदारी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। धनबाद थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर के पास हुई ठगी के मामले में पुलिस ने बिहार के नवादा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (26) और सौरभ कुमार (24) के रूप में हुई है। नगर अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी।

 

Sponsored Advertisement

पुलिस के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर की शाम की है। शिकायतकर्ता बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उन्हें पिन डालने की सलाह दी और उनका गुप्त पिन देख लिया। इसके बाद आरोपी कार्ड लेकर फरार हो गए।

 

शिकायतकर्ता ने हेल्पलाइन पर संपर्क किया, लेकिन बताए गए स्थान पर कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 15 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये की खरीदारी का मैसेज मिला। शिकायतकर्ता दुकान पहुंचे तो पता चला कि दो युवक खरीदारी कर निकल चुके हैं।

 

इसी दौरान बाटा इंडिया की दुकान से दो हजार रुपये के लेनदेन का संदेश आया। शिकायतकर्ता अपने परिचितों के साथ वहां पहुंचे, जहां दोनों संदिग्धों को एटीएम कार्ड लेकर एक्सिस बैंक के एटीएम की ओर जाते देखा। शिकायतकर्ता ने दोनों को पहचानकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

 

गिरफ्तार नीतीश कुमार नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के लखमोहरा का निवासी है, जबकि सौरभ कुमार नवादा नगर थाना क्षेत्र के न्यू गेरिया का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एटीएम मशीनों में छेड़छाड़ कर कार्ड फंसाते थे और मदद के बहाने पिन देख लेते थे। इसके बाद गलत हेल्पलाइन नंबर देकर लोगों को भ्रमित करते और कार्ड बदलकर रुपये निकालने व खरीदारी करने की वारदात को अंजाम देते थे।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पल बरामद की हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि नीतीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाना में वर्ष 2023 का एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और अब तक की गई ठगी की घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।

Related Posts

सहरसा में जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप, चारदीवारी निर्माण रोकने के लिए एसपी से लगाई गुहार

बिहार के सहरसा में जमीन पर जबरन कब्जा कर चारदीवारी निर्माण कराने का आरोप सामने आया है। इस मामले में शिवपुरी वार्ड नंबर 5 की निवासी मनीता कुमारी ने पुलिस…

बेगूसराय में मेला देखकर लौट रहे दंपती से मारपीट, युवक के सिर में लगे 25 से अधिक टांके; महिला से अभद्रता का आरोप

बिहार के बेगूसराय में दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित के आरोप के मुताबिक, बीएम हॉस्पिटल के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *