गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब लखरांव बाग से तिवारी चकिया जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों से एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक के गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप गांव निवासी रामपुकार भगत के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था युवक
परिजनों के अनुसार, सोमवार को रामपुकार भगत का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। उसका ससुराल मीरगंज थाना क्षेत्र के रानी सरीसवां गांव में है। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह अपने ससुराल गया होगा।
हालांकि, सोमवार की रात करीब 11 बजे रामपुकार ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वह भोरे के लखरांव में है। इसके बाद परिजन उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान झाड़ियों में मिला शव
मंगलवार की सुबह परिजन लखरांव पहुंचे और आसपास के इलाकों में रामपुकार की खोजबीन की। काफी तलाश करने के बाद मंगलवार की शाम तिवारी चकिया जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों में उसका शव मिला। उसके गले पर चाकू से हमले के निशान पाए गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटनास्थल से शराब की बोतलें बरामद
घटनास्थल पर शव के पास से अंग्रेजी शराब की एक बोतल, देसी शराब की एक बोतल, पीने के गिलास और पानी की बोतलें बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इन सामानों के मिलने से आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वहां कुछ लोग मौजूद थे। हालांकि, हत्या से पहले शराब पीने या किसी साजिश के तहत युवक को बुलाने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पांच साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
रामपुकार भगत अपने पीछे पत्नी और पांच साल के बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भोरे थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों तथा कॉल डिटेल्स के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच जारी है।





