पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में उसके 22 वर्षीय बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला को गिरफ्तार किया गया है। बच्चे का शव गांव के दुर्गा मंदिर में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, जीतन छपरा गांव निवासी रंजू यादव का डेढ़ वर्षीय सबसे छोटा बेटा घर से लापता हो गया था। आरोप है कि उसका बड़ा भाई अजीत कुमार बच्चे को गोद में लेकर घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचा। वहां बच्चे की हत्या कर दी गई। मंदिर परिसर में बच्चे का शव मिलने की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने मंदिर में बच्चे का शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की खबर फैलते ही मंदिर के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
**आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद**
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई महीनों से नशे का आदी था। हालांकि, घटना में नशे की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
**एफएसएल टीम कर रही जांच**
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने पटना से एफएसएल टीम को बुलाया। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी पंकज शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों से दुर्गा मंदिर में बच्चे का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और संभावित वजहों का खुलासा हो सकेगा।






