सारण। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। पांच जिलों में बनाए गए 98 मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे तक मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस चुनाव में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला 10,748 मतदाता करेंगे। मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्र का किया निरीक्षण
मतदान शुरू होने के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने छपरा सदर अनुमंडल के डीसीएलआर कार्यालय स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय से मतदान शुरू हुआ है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।
18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जदयू के आनंद पुष्कर, राजद के जयराम यादव और जन सुराज पार्टी के आफाक अहमद समेत कुल 18 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके अलावा प्रियांशु कुमार कश्यप, विद्या सागर विद्यार्थी, मनोहर कुमार श्रीवास्तव, सैयद नजमुल होदा, डॉ. राहुल राज, राम पुकार सिन्हा, इमाम हसन, लालू प्रसाद यादव, नाजीर हुसैन, हिमांशु शेखर, प्रदीप कुमार, रमेंद्र राय, नुमान अहमद खान नजमी, कैलाश तिवारी और बैतुल्लाह अंसारी भी चुनाव मैदान में हैं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 मीटर की परिधि निर्धारित की गई है। इस दायरे में किसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी को बूथ स्थापित करने की अनुमति नहीं है। पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को चुनावी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
चुनाव से संबंधित शिकायतों और आवश्यक सूचनाओं के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 06152-242444 जारी किया है। मतदाता इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। अब मतदान समाप्त होने के बाद सभी की नजरें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर रहेंगी, जिसके बाद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नए प्रतिनिधि की तस्वीर स्पष्ट होगी।





