बिहार के नालंदा जिले में शुक्रवार सुबह आठ बजे से शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान शुरू हो गया है। जिले के कुल 57 मतदान केंद्रों पर वोटिंग की प्रक्रिया जारी है। इस चुनाव में कुल 34 हजार 608 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है।
जानकारी के अनुसार, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,778 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 31,830 मतदाता वोट डालेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चलेगा।
मतदान की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने बिहारशरीफ प्रखंड स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि जिले में निर्धारित 57 बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हो चुका है। मतदान को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सेक्टर और जोनल स्तर पर भी पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन के अनुसार, अब तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। अधिकारियों की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।





