
पटना: दुर्गा पूजा के दौरान बिहार की राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर में लगे सीसीटीवी और एएनपीआर कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके चालान काटे गए। 18 और 19 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 5,292 वाहनों पर कार्रवाई की गई और 63 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग पंडालों और पूजा स्थलों पर पहुंच रहे थे। इस दौरान कई वाहन चालकों ने यातायात नियमों की अनदेखी की। इसके बाद इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर यानी आईसीसीसी के माध्यम से कैमरों की मदद से निगरानी की गई।
18 अक्टूबर को 2,262 वाहनों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 18 अक्टूबर को 2,262 वाहनों के चालान काटे गए। इस दिन कुल 27 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,591 लोगों पर 15 लाख 91 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, ट्रिपल राइडिंग के 117 और ओवरस्पीडिंग के 55 मामले सामने आए।
इसके अलावा, बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने वाले 388 लोगों पर 7 लाख 76 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। रेड लाइट का उल्लंघन करने वाले 97 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। बिना सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के चालान भी काटे गए।
19 अक्टूबर को 3,030 वाहनों के चालान
अगले दिन कार्रवाई का आंकड़ा और बढ़ गया। 19 अक्टूबर को कुल 3,030 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 36 लाख 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2,163 लोग शामिल थे, जिन पर 21 लाख 63 हजार रुपये का जुर्माना लगा।
इसके अलावा, ट्रिपल राइडिंग के 179, ओवरस्पीडिंग के 49 और बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने के 484 मामले सामने आए। रेड लाइट उल्लंघन, बिना सीट बेल्ट और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर भी कार्रवाई की गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने वाले एक चालक का 5 हजार रुपये का चालान काटा गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।





