पटना में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, थाना प्रभारी और दारोगा को लगी गोली; इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज


बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस गोलीबारी में थाना प्रभारी इंचार्ज राहुल कुमार और दारोगा संजय कुमार घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी एक युवक को जबरन अगवा कर मारुति 800 कार से मनीचक तालाब घाट के पास ले गए हैं और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मनीचक थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी में थाना प्रभारी इंचार्ज राहुल कुमार के पैर में गोली लग गई, जबकि दारोगा संजय कुमार के हाथ में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, लेकिन अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।

घटना के तुरंत बाद दोनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दारोगा संजय कुमार का इलाज अनुमंडल अस्पताल मसौढ़ी में चल रहा है, जबकि थाना प्रभारी राहुल कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। डीएसपी कन्हैया कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तालाब घाट और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

डीएसपी कन्हैया कुमार ने बताया कि अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

दिनदहाड़े पुलिस टीम पर हुए इस हमले ने इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।संवाददाता : सत्यम शुक्ला

  • Related Posts

    सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, धनबाद में युवक हिरासत में

    धनबाद। सरकारी विभागों में नौकरी और पदोन्नति दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में धनबाद सदर थाना पुलिस ने बैंक मोड़ निवासी पंकज…

    धनबाद में जमीन कारोबारी को फोन पर जान से मारने की धमकी, सरायढेला पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

    धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी बंटी सिंह को फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *