भागलपुर में दो डिसमिल जमीन के विवाद में किसान की हत्या, चचेरे भाई पर कुदाल से हमला करने का आरोप

 

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में महज दो डिसमिल जमीन और खेत की मेढ़ काटने को लेकर हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। सोमवार को जमीन विवाद के दौरान कथित तौर पर चचेरे भाई ने 22 वर्षीय किसान राधे कुमार पर कुदाल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राधे की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी महेंद्र मंडल फरार बताया जा रहा है।

Sponsored Advertisement

 

दो डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

 

मृतक राधे कुमार पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसके माता-पिता बासुदेव मंडल और सीता देवी भी खेती से जुड़े हैं। परिजनों के मुताबिक, आरोपी महेंद्र मंडल (48) के साथ दो डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि पहले भी सामाजिक स्तर पर विवाद सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।

 

खेत की मेढ़ काटने को लेकर बढ़ा विवाद

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार को खेत की मेढ़ काटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान महेंद्र मंडल ने राधे कुमार के सिर और सीने पर कुदाल से कई वार कर दिए। हमले में राधे गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

परिजन उसे तत्काल पीरपैंती रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात करीब 12:50 बजे राधे कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

आरोपी फरार, पुलिस कर रही कार्रवाई

 

घटना के बाद से आरोपी महेंद्र मंडल के फरार होने की बात सामने आई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज होने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी।

 

इस संबंध में पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि मामला गोतिया के बीच जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Related Posts

भागलपुर पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का प्रशांत किशोर पर हमला, बोले- ‘एक्सीडेंटल विधायक’, बिहार की आठों सीटों पर जीत का दावा

भागलपुर। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी कोसी स्नातक क्षेत्र चुनाव को लेकर आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होने भागलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी…

बिहार पुलिस चालक भर्ती: खाली महिला सीटों पर पुरुष अभ्यर्थियों के चयन की मांग, 40 दिनों से धरने के बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष से मिले अभ्यर्थी

भागलपुर। बिहार पुलिस चालक भर्ती में खाली रह गई महिला आरक्षित सीटों पर सफल पुरुष अभ्यर्थियों के चयन की मांग तेज हो गई है। भागलपुर, मुंगेर समेत बिहार के विभिन्न…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *