जामताड़ा। नाला प्रखंड क्षेत्र के नूतनडीह में शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल की शुरुआत हुई है। यहां कौशल इंटरनेशनल प्राथमिक विद्यालय के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने फीता काटकर और शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर विद्यालय की आधारशिला रखी। विद्यालय का निर्माण ग्लोबल एजुकेशन ट्रस्ट, नई दिल्ली द्वारा कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बाबनी माजी ने गुलदस्ता भेंट कर विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली नींव है। नाला जैसे सुदूर और आदिवासी बहुल क्षेत्र में आधुनिक विद्यालय की स्थापना बच्चों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि गरीब, आदिवासी और वंचित परिवारों के बच्चों को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने ट्रस्ट से स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की भी अपील की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं भूतपूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) सिकंदर प्रसाद यादव ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल भवन बनाना नहीं, बल्कि बच्चों को आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करना है। विद्यालय में दिल्ली स्तर की सुविधाओं के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास किया जाएगा। शुरुआत में पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई होगी। भविष्य में विद्यालय का विस्तार पीजीटी स्तर तक करने का लक्ष्य है।
ट्रस्ट के सचिव एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता कौशल किशोर ने कहा कि यह विद्यालय उनके पैतृक क्षेत्र के प्रति समर्पण है। ट्रस्ट का उद्देश्य शिक्षा को व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा के रूप में स्थापित करना है। यहां कम फीस में उच्च स्तरीय अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है।
वहीं, बीईईओ मिलन कुमार घोष ने कहा कि विद्यालय खुलने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर में कमी और नामांकन में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उपप्रमुख समर माजी ने विद्यालय की स्थापना को पूरे नाला प्रखंड के लिए गर्व की बात बताते हुए पंचायत की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा





