कोलकाता में हुई दुखद घटना को लेकर सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं और सभी को झकझोर देती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए और कानून के अनुसार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक संजय कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है, जिसका नेतृत्व हाईकोर्ट के जज कर रहे हैं। इस मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के दौरान घटना की सच्चाई सामने आएगी और जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कानून के मुताबिक सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
वहीं, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक संजय कुमार सिंह ने उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मीडिया में बने रहने के लिए किसी जिम्मेदार व्यक्ति को अनर्गल बयान नहीं देना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपने बयानों की गंभीरता और उसके संभावित प्रभाव को समझना चाहिए।
विधायक ने कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को किसी भी संवेदनशील मामले पर बयान देने से पहले सोच-विचार करना चाहिए। उनके अनुसार, नेताओं की बातों का समाज पर प्रभाव पड़ता है, इसलिए बयानबाजी ऐसी होनी चाहिए, जिससे समाज में भ्रम या गलत संदेश न फैले।
कोलकाता की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए विधायक ने दोषियों को सजा दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने पप्पू यादव के बयान को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार बयानबाजी की नसीहत दी।





