मुजफ्फरपुर: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ ने बिहार के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस हादसे में मुजफ्फरपुर के रहने वाले पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान साकेतपुरी निवासी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अभिषेक श्रीवास्तव और उनके सात वर्षीय बेटे आयुष के रूप में हुई है। वहीं, अभिषेक की पत्नी निभा कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। परिवार के परिचित राजेश कुमार श्रीवास्तव भी इस हादसे में घायल हुए हैं।
बेटे की जिद पूरी करने को कोलकाता गए थे अभिषेक
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक श्रीवास्तव मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड के पिपरा राघो गांव के रहने वाले थे। फिलहाल उनका परिवार शहर के साकेतपुरी इलाके में रहता था। उनका सात वर्षीय बेटा आयुष तीसरी कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार, आयुष काफी समय से कोलकाता की प्रसिद्ध दुर्गा पूजा और भव्य पंडाल देखने की जिद कर रहा था। बेटे की इच्छा पूरी करने के लिए अभिषेक शुक्रवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ कोलकाता गए थे। परिवार को क्या पता था कि खुशियां मनाने का यह सफर कभी न भूलने वाला दुख बन जाएगा।
भगदड़ में गई पिता-पुत्र की जान
बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिसकी चपेट में अभिषेक और आयुष आ गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मुजफ्फरपुर के साकेतपुरी और पिपरा राघो गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आज देर शाम तक पहुंचेंगे शव
परिजनों के मुताबिक, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पिता-पुत्र के शव मुजफ्फरपुर लाए जाएंगे। आज देर शाम तक शव साकेतपुरी पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, निभा कुमारी की गंभीर हालत को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं।
बताया गया है कि कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में कुल 19 श्रद्धालुओं की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं। घटना के बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है।






