धनबाद में तेज रफ्तार हाइवा का कहर: युवक की मौत के बाद फूटा गुस्सा, हरिणा हीरक चौक पर घंटों सड़क जाम


धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत बरोरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जमुआटांड़-हरिणा हीरक सड़क मार्ग पर बीती रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक का इलाज धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात एक तेज रफ्तार हाइवा ने एक चार पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सड़क मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर दुर्घटना में शामिल हाइवा की पहचान की गई। जांच के दौरान उक्त हाइवा मुराईडीह वर्कशॉप के समीप लावारिस हालत में खड़ा मिला। सीसीटीवी फुटेज से मिलान के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।

इधर युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हरिणा हीरक चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।संवाददाता : नीतीश कुमार

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *