आधार कैंप में बड़ी लापरवाही! तय समय से पहले बंद हुआ पंचायत भवन, बच्चों को लेकर लौटे दर्जनों अभिभावक


जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत दलाबड़ पंचायत भवन में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन के लिए आयोजित विशेष कैंप में गुरुवार को भारी अव्यवस्था और लापरवाही देखने को मिली। उपायुक्त जामताड़ा के निर्देश पर लगाए गए इस कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था, लेकिन आरोप है कि संबंधित कर्मियों ने करीब 2 घंटे पहले ही पंचायत भवन में ताला लगाकर कैंप बंद कर दिया। इसके कारण अपने बच्चों का आधार बनवाने पहुंचे दर्जनों अभिभावकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बच्चों के आधार नामांकन के लिए पंचायत भवन में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। दूर-दराज के गांवों से अभिभावक अपने छोटे बच्चों को लेकर पहुंचे थे। लेकिन दोपहर बाद जब कई लोग पंचायत भवन पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला और कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।

दलाबड़ गांव के निवासी तपन पाल ने बताया कि वह शाम करीब 4 बजे अपने बच्चे का आधार बनवाने पहुंचे थे, लेकिन पंचायत भवन बंद मिला। उन्होंने फोन पर जानकारी लेने की कोशिश की तो बताया गया कि ऑपरेटर की तबीयत खराब होने के कारण कैंप को समय से पहले बंद कर दिया गया।

वहीं सूड़ियापानी गांव के विश्वनाथ पाल ने बताया कि उन्होंने पहले ही अपने बच्चे का नाम दर्ज करा दिया था। जरूरी कागजात लेने के बाद जब वह करीब ढाई बजे वापस लौटे तो ऑपरेटर ने आधार बनाने से इनकार कर दिया और बाद में आने की बात कहकर वापस भेज दिया।

अभिभावकों का आरोप है कि निर्धारित समय तक कैंप नहीं चलने के कारण कई बच्चों का आधार नामांकन नहीं हो सका। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को लेकर पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस मामले में संबंधित अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेटर की तबीयत खराब होने के कारण कार्य प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में कुछ आधार बनाए गए। लेकिन लोगों का सवाल है कि जब कैंप शाम 5 बजे तक चलना था तो उसे समय से पहले क्यों बंद किया गया।

अब अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में आम लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

जामताड़ा | संतोष कुमार

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *