apnabiharjharkhand

धनबाद जिला परिषद कार्यालय में पहली बार लगा रक्तदान शिविर, थैलेसीमिया मरीजों की मदद को बढ़े हाथ

धनबाद जिला परिषद कार्यालय में बुधवार को पहली बार एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला परिषद कार्यालय के कर्मियों समेत कई लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

 

रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए रक्त संग्रह करना था, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

 

जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि जिला परिषद कार्यालय में पहली बार इस तरह का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि अक्सर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रक्त की कमी की शिकायत सामने आती रहती है। कई बार मरीजों के परिजन रक्त की व्यवस्था को लेकर उनसे संपर्क करते हैं। ऐसे मामलों में वे अस्पताल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास करती हैं।

 

उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर के माध्यम से जिला परिषद अस्पताल और जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का प्रयास कर रहा है। उनका मानना है कि समय पर रक्त मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

 

शारदा सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन के लिए नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए ताकि किसी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

शिविर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने रक्तदाताओं की जांच कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया।

 

संवाददाता : नीतीश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *