**चेंगायडीह पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के भाई ने शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन**
**जामताड़ा।** जामताड़ा प्रखंड के चेंगायडीह गांव में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले साबिर अंसारी, पिता मुस्तकीम अंसारी के परिजनों से मिलने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के भाई इमरान अंसारी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने हादसे पर गहरा अफसोस जताते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
इमरान अंसारी अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चेंगायडीह स्थित मृतक के घर पहुंचे थे। बताया गया कि मथुरापुर के राजा डीह मोड़ के पास सड़क दुर्घटना की यह दुखद घटना हुई थी। घटना के बाद जब पीड़ित को गांव स्थित घर लाया गया, उस समय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी दिल्ली में थे। उनके गांव में मौजूद नहीं रहने के कारण उन्होंने अपने भाई इमरान अंसारी को शोकाकुल परिवार से मिलने और उनका दुख-दर्द बांटने के लिए भेजा।
परिजनों से मुलाकात के दौरान इमरान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें विशेष रूप से परिवार के बीच जाकर सांत्वना देने के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है।
### सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए पहल का भरोसा
इमरान अंसारी ने शोकाकुल परिवार को आश्वासन दिया कि उनकी ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए भी पहल करने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार की समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान इमरान अंसारी हादसे को लेकर भावुक नजर आए। उन्होंने नम आंखों से घटना पर अफसोस जताया और परिवार के सदस्यों को हिम्मत बनाए रखने की बात कही।
इस मौके पर कांग्रेस नेता सह समाजसेवी चिराउदीन अंसारी, डॉ. अब्दुल रऊफ अंसारी, एडवोकेट अनाउल अंसारी, इम्तियाज अंसारी, मुख्तार अंसारी, मुश्ताक अंसारी, याकूब अंसारी और अब्दुल सलाम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
**संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा**





