भागलपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन भागलपुर में चारों ओर भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं। इसी कड़ी में शहर के कचहरी चौक स्थित सत्कार क्लब में विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दिन के साढ़े ग्यारह बजे अभिजीत मुहूर्त में कलश स्थापित कर मां दुर्गा का आह्वान किया गया। इसके साथ ही नौ दिनों तक चलने वाली नवरात्र पूजा की शुरुआत हुई।
कलश स्थापना के बाद मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। नवरात्र के पहले दिन पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
गज पर मां के आगमन को शुभ मान्यता
सत्कार क्लब में पूजा करा रहे पंडित विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां दुर्गा का आगमन गज यानी हाथी पर हुआ है। उन्होंने कहा कि परंपरागत मान्यता में मां का हाथी पर आगमन अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और खुशहाली का संकेत माना जाता है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
15 वर्षों से पूजा करा रहे पंडित विपिन मिश्रा
सत्कार क्लब में पिछले करीब 15 वर्षों से मंदार विद्यापीठ गुरुधाम के पंडित विपिन कुमार मिश्रा नवरात्र के अवसर पर पूजा-अर्चना कराते आ रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में इस वर्ष भी विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू किए गए हैं। पूजा को लेकर समिति के सदस्यों ने विशेष तैयारियां की हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा की आराधना कर सकें।
कलश स्थापना के साथ ही कचहरी चौक स्थित सत्कार क्लब का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में मां दुर्गा के अन्य स्वरूपों की पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।






