“2039 तक झारखंड में कोई वैकेंसी नहीं” : मंत्री योगेंद्र प्रसाद का भाजपा पर बड़ा हमला, वोटर लिस्ट को लेकर साधा निशाना


बोकारो: बोकारो टाउन हॉल में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रशिक्षण शिविर में बुधवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर सही मतदाताओं के नाम भी वोटर सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगा।

प्रशिक्षण शिविर में बीएलए-2 और बूथ लेवल कमेटी के सदस्यों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, लेकिन झारखंड की जनता उसकी मंशा को समझ चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सतर्क रहने और मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन के दौरान योगेंद्र प्रसाद ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि “झारखंड में 2039 तक कोई वैकेंसी नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता भाजपा को सत्ता से दूर रखेगी और झामुमो के नेतृत्व में विकास की प्रक्रिया जारी रहेगी।

वहीं, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी विचारधारा के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है ताकि किसी का लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित न हो।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मतदाता सूची के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम बने रहना केवल मतदान के लिए ही नहीं, बल्कि कई सरकारी योजनाओं और सुविधाओं तक पहुंच के लिए भी आवश्यक है।

प्रशिक्षण शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने और SIR प्रक्रिया पर नजर रखने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा और झामुमो के बीच राजनीतिक टकराव का मुद्दा केंद्र में रहा।संवाददाता : चंदन सिंह

Related Posts

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *