पटना में फ्रिज का कंप्रेसर फटा, मां समेत दो बेटियां झुलसीं; घर में मची अफरा-तफरी

पटना: राजधानी पटना के दानापुर इलाके में बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। शाहपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी मोहल्ले में एक घर में रखे फ्रिज का कंप्रेसर अचानक फट गया। धमाके के बाद निकली चिंगारियों से आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से मां और उनकी दो बेटियां झुलस गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, चांदमारी मोहल्ले में रहने वाली सरिता देवी के घर में रात के समय अचानक फ्रिज का कंप्रेसर ब्लास्ट कर गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि कंप्रेसर फटने के बाद निकली चिंगारियां पास में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच गईं, जिससे आग तेजी से फैल गई।

इस हादसे में 38 वर्षीय सरिता देवी, उनकी 17 वर्षीय पुत्री कृति कुमारी और 15 वर्षीय प्रीति कुमारी झुलस गईं। धमाके और आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग से घिरी मां और दोनों बेटियों को बाहर निकाला और तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय निवासी रवि कुमार ने बताया कि रात में सभी लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे बाहर निकले। पड़ोस के घर में आग लगी हुई थी। जब लोग अंदर पहुंचे तो देखा कि मां और दोनों बेटियां आग की चपेट में आकर झुलस चुकी थीं।

वहीं, पड़ोसी विकास कुमार ने बताया कि फ्रिज का कंप्रेसर फटने से यह हादसा हुआ। धमाके के बाद आग फैल गई और स्थिति काफी भयावह हो गई। तेज आवाज के कारण पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दानापुर पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Posts

सहरसा में सड़क पर गुंडागर्दी का तांडव, सदर अस्पताल के कक्ष सेवक को गाड़ी से रौंदने की कोशिश

सहरसा में सड़क पर गुंडागर्दी का तांडव, सदर अस्पताल के कक्ष सेवक को गाड़ी से रौंदने की कोशिश

भागलपुर में विक्रमशीला सेतु की मरम्मत को लेकर टेंडर प्रक्रिया तेज, ₹99 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण

भागलपुर में विक्रमशीला सेतु की मरम्मत को लेकर टेंडर प्रक्रिया तेज, ₹99 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *