सहरसा। नवहट्टा में बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा के मैनेजर मनीष कुमार सिंह के किराए के मकान में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोर घर की कुंडी तोड़कर कमरे में रखे गोदरेज से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और लगभग 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि बैंक मैनेजर रविवार दोपहर करीब एक बजे निजी काम से अपने घर गए थे। इसके बाद सोमवार सुबह वह घर से निकलकर बैंक की शाखा चले गए। शाम को बैंक का काम खत्म करने के बाद जब वह वापस किराए के मकान पर पहुंचे तो मुख्य कुंडी टूटी हुई मिली। घर के अंदर जाने पर कमरे में रखा गोदरेज खुला मिला। जांच करने पर उसमें रखे सोने के जेवरात और नकदी गायब मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही बैंक मैनेजर ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बैंक मैनेजर से सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा।
इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे सदर थाना पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घर और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की तथा चोरी से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अन्य संभावित सुरागों की जांच कर रही है।
बैंक मैनेजर मनीष कुमार सिंह का पैतृक घर पूर्णिया जिले के बनमनखी में बताया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में जेवरात और नकदी की चोरी होने के बाद पुलिस के सामने चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की चुनौती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एफएसएल जांच से मिले संभावित साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस चोरी में शामिल बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।






