जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को जामताड़ा नगर के कायस्थपाड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया और कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनके साथ खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने बताया कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताना और उनके बीच खुशियां साझा करना है।
प्रदीप राउत ने कहा कि इसी क्रम में सोमवार को कायस्थपाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ मनोरंजन और संवाद के माध्यम से कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया गया। इस दौरान बच्चों के बीच काफी उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उनके अनुसार, पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अभियान के तहत सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका ने भी सहयोग किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ बातचीत की और उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
इस मौके पर भाजपा नगर महामंत्री रथु दास, नगर मंत्री ब्रजेश राउत, विकास राउत, आंगनबाड़ी संचालिका समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आगे भी विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा







