सारण के महाराजगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ससुराल गए एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कसदेवरा पंचायत के कसदेवरा बंगरा गांव निवासी ध्रुप यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है। हत्या की इस वारदात के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश यादव अपने ससुराल पचुवा पंचायत के टोला जिराती गए हुए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात मुकेश यादव सो रहे थे। इसी दौरान बगल का एक युवक उन्हें अपने साथ घटनास्थल की ओर ले गया। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए हमलावर मौजूद थे। जैसे ही मुकेश वहां पहुंचे, हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और रिश्तेदार आनन-फानन में मुकेश को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुकेश की मौत की खबर मिलते ही कसदेवरा बंगरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को मुकेश का शव गांव लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे, जिससे गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि मुकेश यादव विदेश में रहकर नौकरी करते थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और उनका करीब एक साल का एक बेटा है। महज 15 दिन पहले ही बेटे का जन्मदिन परिवार ने धूमधाम से मनाया था। मुकेश मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति बताए जाते थे। उनकी हत्या से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।






