सुपौल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनपुर और पिपरा थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 84 किलो 250 ग्राम गांजा और 129 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल चार पहिया वाहन और इंजेक्शन बरामदगी से जुड़े वाहनों को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को किशनपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 84 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। मामले में किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है।
इसी थाना क्षेत्र में पुलिस को गश्ती के दौरान सूचना मिली, जिसके आधार पर कमलजरी जाने वाली सड़क के ढाला के समीप वाहन जांच की गई। इस दौरान मोटरसाइकिल पर टंगे थैले की तलाशी लेने पर 100 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए।
वहीं, पिपरा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने वाहन जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार विज्ञांशु कुमार, पिता बलराम यादव, निवासी बेलहा वार्ड नंबर-01, त्रिवेणीगंज को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 29 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों थाना क्षेत्रों में हुई बरामदगी को लेकर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब बरामद गांजा और प्रतिबंधित इंजेक्शन की सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही नशे के इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






