मुजफ्फरपुर में एक और अस्पताल में लगी आग, मची अफरा-तफरी



मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक स्थित गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में अचानक आग लग गई। हालांकि अस्पताल कर्मियों की तत्परता और फायर सेफ्टी सिस्टम की सक्रियता के कारण आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार आग गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के नर्स ड्यूटी रूम के शौचालय में लगे एग्जॉस्ट फैन में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया। अस्पताल परिसर में मौजूद हाइड्रेंट सिस्टम का उपयोग करते हुए कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

SKMCH के हेल्थ मैनेजर सचिन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद नर्सें कमरे को बंद कर चली गई थीं, लेकिन एग्जॉस्ट फैन चालू रह गया था। आशंका है कि इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से फैन में आग लग गई।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार घटना में किसी मरीज, नर्स या अन्य स्वास्थ्यकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। साथ ही अस्पताल की संपत्ति को भी विशेष क्षति नहीं हुई है। आग पहली मंजिल पर लगी थी, लेकिन समय रहते नियंत्रण होने से स्थिति गंभीर नहीं बन सकी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने से सात मरीजों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद अस्पतालों में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। जांच में लापरवाही सामने आने पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

इसी घटना के बाद राज्यभर के अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू किया गया है। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर समेत कई जिलों के अस्पतालों को सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर व्यवस्था दुरुस्त नहीं करने वाले अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *