गया: बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर कथित ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे ने पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी की, सात फेरे लिए, दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा और उसे कीमती गहने व उपहार भी दिए। लेकिन विदाई से पहले ही दुल्हन अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गई। इस घटना के बाद दूल्हा पक्ष ने खुद को ठगी का शिकार बताते हुए बेलागंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले संजय पटवा सोमवार रात बारात लेकर गया जिले के दरियापुर गांव पहुंचे थे। दुल्हन पक्ष ने बारात का स्वागत किया और रातभर शादी की रस्में धूमधाम से संपन्न हुईं। विवाह के दौरान दूल्हे ने दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल समेत कई कीमती उपहार और शादी के महंगे कपड़े भेंट किए।
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के दौरान दुल्हन पक्ष ने उनसे बड़ी रकम की मांग की थी। इसी क्रम में उनके द्वारा दिए गए एक मोबाइल नंबर पर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद बाराती आराम करने चले गए, क्योंकि शुभ मुहूर्त के अनुसार विदाई अगले दिन होनी थी।
मंगलवार सुबह जब दूल्हा और उसके परिजन दुल्हन के घर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि रात में ही दुल्हन और उसके परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर चले गए हैं। यह सुनते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और बारातियों में हड़कंप मच गया।
पीड़ित पक्ष ने बेलागंज थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे शादी के नाम पर ठगी का मामला माना जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी बिहार में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे ऐसे मामलों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।