सीतामढ़ी में खेत में बिछे नंगे तार की चपेट में आए पति-पत्नी समेत 3 की मौत, एक गंभीर

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी में शनिवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। बैरगनिया प्रखंड के अक्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला वार्ड नंबर-5 में खेत की रखवाली के लिए कथित तौर पर लगाए गए करंट प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, तकिया टोला निवासी इसराइल मंसूरी की भैंस शनिवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे खुल गई थी। भैंस की तलाश में वह आसपास के खेतों की ओर चले गए। इसी दौरान वह इंदल पासवान के खेत में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि खेत में धान की फसल को जंगली सुअरों से बचाने के लिए नंगा बिजली का तार लगाया गया था। अंधेरा होने के कारण इसराइल तार को देख नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Sponsored Advertisement

पति के वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी रुबैदा खातून भी उन्हें खोजने खेत की ओर पहुंचीं। बताया गया कि वह भी उसी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण असमत अली समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान असमत अली भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, सैफ अली नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने खेत में दो जंगली सुअरों के शव भी देखे। इससे आशंका जताई जा रही है कि फसल को जंगली सुअरों से बचाने के लिए तार में करंट प्रवाहित किया गया था। हालांकि, तार किसने लगाया और उसमें बिजली कैसे पहुंचाई गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी।

स्थानीय सरपंच रिजवान आलम ने भी खेत में नंगा बिजली का तार लगाए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, विधायक वैद्यनाथ प्रसाद ने घटना को दुखद बताते हुए दोषियों पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

सूचना मिलते ही बैरगनिया थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तार किसने लगाया था और उसमें करंट किस माध्यम से प्रवाहित किया गया। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

औरंगाबाद में 12 घंटे से लापता मासूम का नहर में मिला शव, चाची गिरफ्तार

औरंगाबाद में 12 घंटे से लापता मासूम का नहर में मिला शव, चाची गिरफ्तार

हादसे के बाद ट्रक से शराब लूटने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद ट्रक से शराब लूटने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *