बिहटा में हवाई फायरिंग मामले का खुलासा, दो गिरफ्तार और नाबालिग निरुद्ध; हथियार व चोरी की बाइक बरामद

पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली बाजार में हुई हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और चोरी की बाइक बरामद की है।

 

Sponsored Advertisement

दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि 30 सितंबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कन्हौली बाजार में फायरिंग की घटना में शामिल अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में सरमेरा मोड़ के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर एक नाबालिग को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर घर से दो देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

 

पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि बिहटा के बशौरा गांव निवासी पंकज सिंह ने व्यापारियों में डर फैलाने और रंगदारी मांगने के उद्देश्य से साथियों के साथ कन्हौली बाजार में फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बाइक पटना से बरामद हुई और चोरी की होने की पुष्टि हुई। मामले में सचिन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने हथियार उपलब्ध कराने वाले राजू कुमार का भी नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि राजू कुमार के खिलाफ दानापुर थाना में हत्या का मामला पहले से दर्ज है। वहीं, नाबालिग के खिलाफ भी बिहटा थाना में आपराधिक मामला दर्ज होने की बात सामने आई है और हत्या के मामले में उसके फरार रहने की जानकारी मिली है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार पंकज सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने टेक्निकल टीम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच करते हुए गिरोह का खुलासा किया।

 

बता दें कि छह सितंबर की रात कन्हौली ओपी क्षेत्र के कन्हौली बाजार में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने सरेआम हवाई फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा भी बरामद किया था।

Related Posts

गांधी जयंती पर बेगूसराय में पत्रकारों ने मनाया राष्ट्रीय मांग दिवस, सुरक्षा और वेतन समेत कई मांगें उठाईं

बेगूसराय। गांधी जयंती के अवसर पर बिहार वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (BWJU) के आह्वान पर शुक्रवार को पूरे बिहार में ‘राष्ट्रीय मांग दिवस’ मनाया गया। इसी क्रम में बेगूसराय में जिला…

पटना के राजीव नगर में कार से व्यक्ति का शव बरामद, गोली लगने से मौत; जांच में जुटी पुलिस

पटना। राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *