apnabiharjharkhand

केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, जामताड़ा से 5 गिरफ्तार


साइबर अपराध का गढ़ माने जाने वाले जामताड़ा में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना पुलिस ने केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई करमाटांड़ इलाके में देर रात छापेमारी कर की गई, जिसके बाद इलाके के साइबर ठगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ क्षेत्र में कुछ युवक ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर विकास मंडल, शिवा अंसारी, सकलेन अंसारी, सफाउद्दीन अंसारी और गुलाम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद केवाईसी अपडेट नहीं होने पर बैंक खाता बंद होने का डर दिखाया जाता था। आरोपी मोबाइल पर एक फर्जी लिंक भेजते थे और जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसके बैंक खाते की जानकारी साइबर ठगों तक पहुंच जाती थी। इसके बाद खाते से पैसे उड़ा लिए जाते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ठगी का हिसाब-किताब लिखी एक नोटबुक बरामद की है। पुलिस अब जब्त मोबाइल और सिम कार्ड के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में यह एक संगठित साइबर गिरोह का हिस्सा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने साफ कहा कि जिले में साइबर अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *