बिहार में मौसम का कहर, पटना समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

पटना: बिहार की राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिन के समय ही आसमान में घने काले बादल छा गए और माहौल रात जैसा नजर आने लगा। तेज गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में इतनी घनी बदली छाई रही कि वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र ने पहले ही पटना सहित गया, जहानाबाद, नालंदा, पूर्वी चंपारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर समेत 16 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन घंटों के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

सुबह से ही पटना में मौसम का असर दिखाई देने लगा था। धीरे-धीरे पूरे आसमान को काले बादलों ने ढक लिया और तेज बारिश शुरू हो गई। कई जगहों पर पेड़ झूमते नजर आए, जबकि सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनने लगी। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा चिंता का कारण बना हुआ है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है। खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की अपील की गई है। किसानों को भी खेतों में काम नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बिहार में मौसम तेजी से बदल रहा है। फिलहाल अगले कुछ घंटों तक राज्य में मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई गई है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *